लंदन कन्टेम्पोरेरी डांस स्कूल (एलसीडीएस) विश्व के उन अग्रणी संगीत प्रशिक्षण संस्थानों में से एक है, जहां आधुनिक नृत्य एवं बैले से संबंधित विधाओं में उच्चस्तरीय, तकनीकी एवं कलात्मक प्रतिमानों के अनुरूप पेशेवर प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. पूरे विश्व से छात्र हमारे यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने आते हैं और अपनी इस विविधतापूर्ण एवं बहुरंगी संस्कृति पर हमें गर्व है. यदि आप हमारे वेबसाइट को देखें-पढें और यदि आपको हमारे बारे में और अधिक जानकारी हासिल करने में रुचि हो तो हमें आपका संदेश पाकर बेहद खुशी होगी.
हमारे छात्र आधुनिक नृत्य के अतिरिक्त बैले, कोरियोग्राफी एवं अन्य सम्बद्ध विषयों का अध्ययन करते हैं; दक्षिण एशियायी नृत्य की पृष्ठभूमि वाले छात्र बैले के स्थान पर कथक या भरतनाट्यम का अध्ययन कर सकते हैं. अंडरग्रैजुएट छात्र आधुनिक नृत्य के अध्ययन के लिए तीन वर्ष के पूर्णकालिक बी.ए. आनर्स डिग्री या एक वर्ष के सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं. हमारी सारी डिग्रियां यूनिवर्सिटी ऑफ केन्ट द्वारा मान्यताप्राप्त हैं.
एलसीडीएस में प्रशिक्षण नियमितता (consistency) एवं विविधता (versatility) का अद्भुत संगम है और इसे विश्व के मौजूदा दौर के आधुनिक नर्तकों एवं नृत्य सर्जकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. हमारे तकनीकी प्रशिक्षण में कनिंघम, लिमॉन (Limón) एवं रिलीज-बेस्ड तकनीकों का समावेश होता है और छात्रों के लिए प्रतिदिन न्यूनतम तीन घंटों की तकनीक कक्षाएं आयोजित की जाती हैं. विद्यार्थियों को नृत्य की रचना से संबंधित प्रक्रिया में महारत हासिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है. हम अपने स्नातकों को न केवल तकनीक बल्कि कलात्मक एवं बौद्धिक दक्षताएं हासिल करने में भी पर्याप्त सहयोग देते हैं ताकि वे न केवल क्षेत्र से संबंधित विधा में योगदान करें बल्कि उसमें नये प्रयोग भी कर सकें और कन्टेम्पोरेरी डांस आर्टिस्ट के रूप में कामयाबी की नयी बुलंदियां हासिल कर सकें.
ग्रैजुएट स्कूल परफार्मेन्स, कोरियोग्राफी, डांस फॉर द स्क्रीन एवं डांस ट्रेनिंग ऐंड एजुकेशन में एक वर्षीय पोस्टग्रैजुएट डिप्लोमा एवं एम.ए. पाठ्यक्रम संचालित करता है. हमने एक पोस्टग्रैजुएट परफार्मेन्स कंपनी ‘एज’ (EDge) भी गठित की है जो देश-विदेश का भ्रमण करती है और एक अप्रेन्टिसशिप स्कीम संचालित करती है, जिसके तहत छात्र किसी प्रोफेशनल डांस कंपनी के साथ बतौर अप्रेन्टिस एक वर्ष काम कर सकते हैं. एलसीडीएस के वर्तमान अप्रेन्टिस रिचर्ड एल्स्टन डांस कंपनी, फिनिक्स डांस थिएटर, हेनरी ग्वाइक डांस कंपनी, डाइवर्सन्स एवं स्कॉटिस डांस थिएटर के साथ नृत्य कर रहे हैं. स्नातक छात्र एम.फिल. एवं पीएचडी रिसर्च डिग्रियां हासिल करने की अपनी कोशिश भी जारी रखते हैं, और एम.ए. पाठ्यक्रमों के चार क्षेत्रों से जुड़े रिसर्च प्रोजेक्ट से संबंधित प्रस्तावों का हम स्वागत करते हैं.
एलसीडीसी के पास अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टीचिंग फैकल्टी है, जिसका पेशेवर नृत्य की दुनिया से गहरा ताल्लुक है एवं जो छात्रों को उच्चस्तरीय एवं व्यापक ज्ञान हासिल करने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करता है. एलसीडीएस में प्रशिक्षण का माध्यम अंग्रेजी है और छात्रों को अंग्रेजी लिखने एवं बोलने में उच्च स्तर की दक्षता हासिल होनी चाहिए. उन छात्रों को, जो अंग्रेजी सहजतापूर्ण नहीं बोल पाते, आम तौर पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यताप्राप्त आईईएलटीएस लैंगुएज टेस्ट के 6.5 लेवेल तक की दक्षता हासिल करने को कहा जाता है.
एलसीडीएस के पूर्व छात्रों में शामिल हैं रिचर्ड एल्स्टन, क्रिस्टोफर बैनरनैम, दर्शन सिंह भुल्लर, किम ब्रैन्डस्ट्रप, जोंजी डी, सायोभैन डेविस, जैवियर डि फ्रुटोस, गुरमीत हुकम, पॉल लाइबर्ड, एट्टा मर्फिट, लॉयड न्यूसन, रॉबर्ट नॉर्थ, हेनरी ग्वाइक, आर्थर पिटा, केनेथ थार्प एवं शेरॉन रे.
एलसीडीएस सेन्ट्रल लंडन के द प्लेस में अवस्थित है, जहां नृत्य कलाकारों को एक दूसरे से मिलने-जुलने, सहयोग करने एवं सीखने के लिए एक आदर्श माहौल मिलता है. द प्लेस नर्तकों एवं नृत्य सर्जकों को उनके कैरियर के प्रत्येक चरण में पेशेवर सहयोग प्रदान करता है. रिचर्ड एल्स्टन डांस कंपनी एवं ब्रिटेन की व्यस्ततम नृत्यशाला रॉबिन होवार्ड डांस थिएटर के लिए यह अपने घर के समान है. हम दो युवा कंपनियों, एक नेशनल स्कूल्स वर्कशॉप स्कीम एवं आधुनिक नृत्य में वयस्कों के लिए सायंकालीन कक्षाओं से संबंधित एक विस्तृत कार्यक्रम का संचालन भी करते हैं, जो सबके लिए खुला है.
लंडन कन्टेम्पोरेरी डांस स्कूल नृत्य, ड्रामा, तकनीकी दक्षता एवं सर्कस आर्ट्स का प्रशिक्षण प्रदान करनेवाले इंगलैंड के चुने हुए सर्वश्रेष्ठ संस्थानों को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के लिए वर्ष 2001 में स्थापित उच्च शिक्षा संस्थान कन्जर्वेटॉयर फॉर डांस ऐंड ड्रामा की एक संस्थापक संस्था है. इस कन्जर्वेटॉयर में आठ स्कूल शामिल हैं जो मिलकर अभिनय, स्टेज मैनेजमेंट, क्लासिकल बैले, थिएटर डिरेक्टिंग, कन्टेम्पोरेरी डांस, लाइटिंग, कॉस्ट्यूम एवं सीनिक डिजाइन के क्षेत्रों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करते हैं.
यूनाइटेड किंगडम एवं यूरोपीय यूनियन के छात्रों के लिए वार्षिक शुल्क £3,000 है जिसका भुगतान या तो कार्यक्रम की शुरुआत में ही किया जा सकता है, या ऋण के जरिए किया जा सकता है जिसे ग्रैजुएशन के बाद चुकाया जा सकता है. यूरोपीय यूनियन से बाहर के छात्रों के लिए अपनी पूरी ट्यूशन फीस, जो वर्ष 2005/6 की फीस £11,580 से कम नहीं होगी, का भुगतान करना अनिवार्य है. फीस, ऋण एवं उपलब्ध बर्सरी से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए यहां क्लिक करें .
